Home #KISHAN#AANDOKAN#MANG, जींद में खनौरी बॉर्डर पर किसान-पुलिस आमने सामने

जींद में खनौरी बॉर्डर पर किसान-पुलिस आमने सामने

50
0

हरियाणा के जींद में दातासिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर किसान आज 21 फरवरी को दिल्ली कूच की तैयारी में है। किसानों की भीड़ यहां बढ़ती जा रही है और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। हरियाणा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की ओर से बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दूसरी तरह हो रही किसानों की हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।

जींद-पटियाला नेशनल हाइवे पर किसानों ने आज उचाना में भी पक्का मोर्चा शुरू कर दिया है। पंजाब के किसानों को हर तरह की मदद व समर्थन का ऐलान किया गया है। खटकड़ टोल प्लाजा को भी वाहनों के लिए फ्री किया जा चुका है।किसान नेताओं ने ऐलान किया है कि बुधवार को 11 बजे किसान दिल्ली की ओर कूच करेंगे।

कल से बढ़ रही किसानों की भीड़

खनौरी-दातासिंहवाला बार्डर पर पंजाब की सीमा में मंगलवार से ही किसानों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। यहां पर पुलिस व किसानों के बीच कई बार झड़प भी हो चुकी है। यहां पर पंजाब के किसानों के साथ-साथ काफी संख्या में हरियाणा के किसान भी मौजूद हैं।

किसान-पुलिस फिर आमने सामने

बुधवार को किसान नेताओं के दिल्ली कूच के आह्वान को देखते हुए दातासिंहवाला बार्डर पर एक बार फिर किसान और पुलिस प्रशासन आमने सामने होंगे। जिला पुलिस प्रशासन ने किसानों का बार्डर से आगे न बढ़ने देने के लिए बार्डर पर कंकरीट के साथ-साथ कई लेयर की बैरिकेडिंग की हुई है।

कई स्थानों पर रोकने की तैयारी

बार्डर के अलावा उझाना व नरवाना की सिरसा ब्रांच नहर पर भी बैरिकेडिंग करके भारी संख्या में पुलिस बल व सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है। इससे पूर्व 13 और 14 फरवरी को किसानों ने जब बार्डर से आगे बढऩे की कोशिश की तो पुलिस प्रशासन ने उन्हें आगे बढऩे नहीं दिया था और आंसू गैस के गोल छोड़ कर तथा प्लास्टिक की गोलियां दाग कर किसानों को पंजाब की सीमा में ही रहने के लिए मजबूर किया था।

इस दौरान पुलिस व किसानों के बीच संघर्ष भी हुआ था और कई पुलिस के जवान व किसान इस संघर्ष में घायल हो गए थे। उसके बाद पिछले 6 दिनों से बार्डर पर हालात सामान्य बने हुए थे और पंजाब की सीमा में ही किसान एकत्रित होकर बैठे थे और किसान नेताओं के अगले आदेश की इंतजार कर रहे थे। अब किसान नेताओं ने बुधवार को दिल्ली कूच करने के आदेश दिए हैं जिस पर एक बार फिर बार्डर पर किसान व पुलिस प्रशासन आमने-सामने होंगे।

उचाना में आज किसानों का पक्का मोर्चा

हरियाणा के जींद जिले के उचाना में तहसील के सामने आज पक्का मोर्चा लगाया जाएगा। किसान नेता आजाद पालवां ने बताया कि शाम 4 बजे से नेशनल हाइवे पर साइड में पक्का मोर्चा लगाया जाएगा जो दिन-रात चलेगा। उनकी मांग है कि प्रशासन द्वारा जो बैरिकेडिंग लगा कर सड़कों को ब्लाक किया गया है, उन्हें तुरंत खोला जाए, इंटरनेट सेवा को बहाल की जाए, गिरफ्तार किए गए किसान नेता रिहा किए जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here